हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत
प्रतापगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुंडा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब युवक धार्मिक झंडा-निशान लेकर जा रहे लोगों के साथ चल रहा था। अचानक झंडा ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे तेज करंट की चपेट में आकर युवक गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कुंडा नगर पंचायत क्षेत्र के नरसिंहगढ़ महुआतार में सोमवार दाेपहर एक बजे कुछ लोग धार्मिक झंडा-निशान लेकर जा रहे थे। इसी दौरान महुआतार निवासी अरविंद सोनी भी उन लाेगाें के साथ चल रहे थे। जुलूस के दौरान झंडा काफी ऊंचा था और चलते समय वह ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। जैसे ही झंडा बिजली के तार से छुआ, उसमें तेज करंट प्रवाहित हो गया और अरविंद सोनी की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जुलूस में शामिल लोग दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। जैसे ही यह खबर मृतक के परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। कोतवाल मनोज पाण्डेय ने बताया कि हाइटेंशन तार के चपेट में आने से युवक की मौत हुई है शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

