पत्नी और सास के उत्पीड़न के चलते युवक ने की आत्महत्या, मुकदमा दर्ज
नोएडा, 05 अगस्त (हि.स.)। बादलपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने बीती रात को रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी बहू ने उसके भाई के बेटी की शादी के लिए घर पर रखी गई रकम चोरी कर लिया। अपनी मां और अपने नाम एफडी करवाया और एक फ्लैट बुक करवा लिया। इस बात से परेशान होकर उसके बेटे ने आत्महत्या कर लिया है। उसने आरोप लगाया है कि उसकी बहू के किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध हैं। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना बादलपुर के प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि जागतरन ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह छपरौला गांव में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार उनके भाई ने अपनी बेटी की शादी के लिए उनके घर पर 13.5 लाख रुपये रखे थे। इस बात की जानकारी उनके बेटे हरेंद्र और बहू पूजा को थी। जब उनके भाई ने पैसे मांगे तो उन्होंने अलमारी से पैसे निकालकर देना चाहा, तो पता चला की रकम उनके अलमारी में नहीं है। जब उन्होंने अपने बेटे और बहू से इस बात के बारे में पता किया तो उनकी बहू जवाब देने में संकोच करने लगी। बाद मे उन्हें पता चला कि उनकी बहू ने आलमारी से रुपये चुरा कर अपनी मां को दे दिया है।
पीड़ित के अनुसार, उनकी बहू की मां ने अपने नाम से 7.5 लाख रुपये तथा बहू ने अपने-आप से 2.5 लाख रुपये की यूनियन बैंक गोविंदपुरम मे चोरी की रकम से एफडी करवा ली, तथा वेब सिटी में एक फ्लैट बुक किया। पीड़ित के अनुसार उसकी बहू से किसी और व्यक्ति से भी प्रेम संबंध है। इस बात की जब जानकारी उसके बेटे को लगी तो उसकी बहू तथा बहू की मां ने उसे धमकी दी तथा तलाक के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। पीड़ित के अनुसार इस बात से उसका बेटा परेशान रहने लगा तथा उसने 11 जुलाई को सल्फास खा लिया। उसे अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

