धारदार हथियार से युवक की हत्या का आरोप, आरोपित फरार
मालदा, 14 जुलाई (हि. स.)। जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर के कथित विवाद को लेकर धारदार हथियार से एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार सुबह जालुआबाथाल गांव में हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आशराफुल शेख (32) के रूप में हुई है, जबकि हमले में उसका छोटा भाई सादिकुल शेख गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक के पिता राकिब शेख का आरोप है कि पड़ोसी पिलु शेख लंबे समय से इलाके में ब्राउन शुगर का कारोबार करता है। मंगलवार सुबह करीब सात बजे वह अपने साथियों के साथ उनके घर आया और दोनों बेटों को बुलाकर ले गया। इसके बाद हंसिया से उन पर ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिसमें आशराफुल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया है। सूचना पाकर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपित की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

