home page

मामूली रंजिश और पुराने विवाद में चाकू घोपकर युवक की दर्दनाक हत्या

 | 
मामूली रंजिश और पुराने विवाद में चाकू घोपकर युवक की दर्दनाक हत्या


धमतरी, 07 सितंबर (हि.स.)।मामूली रंजिश और पुराने विवाद ने एक युवक की जान ले ली। ग्राम कंडेल में छह सितंबर की रात एक युवक ने राजमिस्त्री के गले में धारदार चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि चाकू करीब 10 सेंटीमीटर गहराई तक गले में घुस गया था। गंभीर चोट लगने से युवक खून से लथपथ होकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गया था , जिसे पुलिस ने कुछ ही समय बाद हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। अर्जुनी पुलिस के अनुसार ग्राम कंडेल निवासी राजमिस्त्री पारसमणि साहू (34 वर्ष ) छह सितंबर की रात करीब नौ बजे गांव के गोठान स्थित बरगद पेड़ के पास मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही यावेन्द्र कुमार ध्रुव (18वर्ष ) ने मामूली रंजिश और पुराने विवाद को लेकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पारसमणि गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने अर्जुनी पुलिस को सूचना दी।

थाना प्रभारी निरीक्षक शरद ताम्रकार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया। स्वजन की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने यावेन्द्र कुमार ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार चाकू का वार इतना गहरा था कि गले में करीब 10 सेंटीमीटर तक चाकू घुस गया। इससे श्वास नली, भोजन नली और नसों को गंभीर क्षति पहुंची थी। चोट इतनी भयावह थी कि भोजन नली से सामग्री बाहर निकलने की स्थिति बन गई थी। घटना ने गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा