home page

नहर मे मिला युवक का शव , हत्त्या का आरोप

 | 
नहर मे मिला युवक का शव , हत्त्या का आरोप


सुलतानपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र में बुढ़ाना मालपुर नहर से एक किशोर का शव बरामद हुआ है। सूचना पर एसपी चारु निगम और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी ने बताया कि मृतक की पहचान अंबेडकर नगर जिले के भींटी थाना अंतर्गत दूबाने का पूरा निवासी शाश्वत दुबे उर्फ सुमित दुबे ( 16 ) पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। शाश्वत जयसिंहपुर कोतवाली अंतर्गत चंद्रहां स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था। हाल ही में वह ननिहाल से अलग होकर शहर में यश कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था।

परिजनाें से पता चला है कि मंगलवार को शाश्वत अपनी बुलेट बाइक से ननिहाल जाने के लिए निकला था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिवार वालों ने रात में जयसिंहपुर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार दोपहर मे कादीपुर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि मालपुर कादीपुर नहर में एक शव बहता हुआ आया है। सूचना मिलते ही सीओ कादीपुर विनय गौतम और कादीपुर पुलिस मौके पर पहुंची।

स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला, जहां उसकी पहचान लापता शाश्वत दुबे के रूप में हुई। मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये बरामद हुए हैं। हालांकि, उसकी बुलेट बाइक अभी तक नहीं मिली है।

एसपी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में यह एक हादसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त