home page

रीवा के होटल में युवक-युवती मृत मिले, प्रारंभिक जांच में जहर सेवन की आशंका, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

 | 
रीवा के होटल में युवक-युवती मृत मिले, प्रारंभिक जांच में जहर सेवन की आशंका, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार


रीवा, 23 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में गुरुवार शाम एक होटल के कमरे में युवक-युवती के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों के जहर सेवन करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रवि साकेत (25) और काजल उर्फ बिट्टी साकेत (21) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के निवासी थे और उनके बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों के मुताबिक, युवती घर से खरीदारी का कहकर निकली थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बुधवार दोपहर साथ निकले थे। उनके साथ अतुल साकेत नाम का एक अन्य युवक भी था, जो उन्हें होटल तक छोड़कर वापस लौट गया। दोनों होटल अम्पायर में ठहरे थे। होटल स्टाफ को उस समय संदेह हुआ जब गुरुवार काे कमरे का दरवाजा लंबे समय तक नहीं खुला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर गई, जहां दोनों को मृत अवस्था में पाया गया।

युवक के परिजन प्रमोद साकेत के मुताबिक, होटल के कमरे में देर रात शराब पार्टी हुई थी। कमरे से तंदूरी रोटी, बियर और शराब की बोतलें मिली हैं। साथ ही जहरीला पदार्थ भी बरामद हुआ, जिससे आत्महत्या की आशंका है। पुलिस ने दोनों शवों को संजय गांधी स्मृति अस्पताल भेज दिया है, जहां पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे