प्रेम प्रसंग में हुई थी युवती की हत्या आरोपित गिरफ्तार
फर्रुखाबाद, 20 अप्रैल (हि स.) । उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के जहानगंज थाना क्षेत्र में काली नदी किनारे मिले अज्ञात महिला के शव के मामले का पुलिस ने सोमवार को खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, गमछा और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार नें बताया की बीते 17 अप्रैल को काली नदी के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व पहचान के लिए मोर्चरी फतेहगढ़ में रखवाया दिया था। शव की शिनाख्त के लिए डीसीआरबी और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी प्रसारित की गई। जांच के दौरान मृतका की पहचान कन्नौज जनपद के कोतवाली छिबरामऊ क्षेत्र नगर के मोहल्ला भैनपुरा नई बस्ती निवासी अहिबरन सिंह पाल की 18 वर्षीय पुत्री प्रतीक्षा पाल उर्फ अंशिका के रूप में हुई। 19 अप्रैल को मृतका के भाई की तहरीर पर थाना जहानगंज में अनीस और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान सूचना पर पुलिस ने नामजद आरोपित सेन्ट्रल जेल चौराहा निवासी अनीस को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसके मृतका के साथ पिछले 3 वर्षों से प्रेम संबंध चल रह थे, लेकिन कुछ दिनों से वह उससे दूरी बनाकर किसी अन्य युवक से बात करने लगी। इसी बात से वह आहत चल रहा था। घटना वाले दिन आरोपित चाकू लेकर युवती के घर पहुंचा और बातचीत के बहाने उसे अपनी बाइक पर बैठाकर काली नदी पुल के पास झाड़ियों में ले गया। वहां कहासुनी के दौरान गुस्से में आकर उसने युवती के गले पर चाकू से कई वार कर दिए और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित को हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस लाइन में सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा आदि मौजूद रहे|
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

