यमुनानगर : टिंबर कारोबारियों से लाखों की ठगी, फैक्ट्री संचालिका फरार
यमुनानगर, 24 मार्च (हि.स.)। टिंबर व्यापार से जुड़े कई कारोबारियों के साथ बड़े स्तर पर आर्थिक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पांसरा रायपुर रोड स्थित एक प्लाईवुड इकाई की संचालिका के खिलाफ लाखों रुपये के भुगतान हड़पने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
मामले में एक टिंबर कारोबारी ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में मंगलवार काे बताया कि वह किसानों से लकड़ी खरीदकर विभिन्न फैक्ट्रियों में आपूर्ति करता है। इसी क्रम में उसने संबंधित औद्योगिक इकाई को लकड़ी की खेप भेजी थी। आपूर्ति से जुड़े बिल और वजन पर्चियां उसके पास सुरक्षित हैं, लेकिन भुगतान के लिए लगातार संपर्क करने के बावजूद राशि नहीं दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार जब वह बकाया राशि लेने के लिए फैक्ट्री पहुंचा तो वहां ताला लटका मिला और संचालिका अनुपस्थित थी। इसके बाद संदेह गहराने पर पूरे मामले की जानकारी अन्य व्यापारियों से साझा की गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि केवल एक ही व्यापारी नहीं, बल्कि कई अन्य टिंबर कारोबारी भी इसी तरह की धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं। विभिन्न फर्मों और आढ़तियों की लाखों रुपये की रकम फंसी बताई जा रही है, जिससे व्यापारिक वर्ग में रोष व्याप्त है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रारंभिक जांच कराई गई। आरोपों की पुष्टि होने के बाद संबंधित थाने में संचालिका के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपित की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस प्रकरण में कुल कितनी राशि की ठगी हुई है और कितने अन्य व्यापारी इससे प्रभावित हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

