home page

यमुनानगर:परीक्षा के बाद नहीं लौटी छात्रा, अपहरण का मामला दर्ज

 | 

यमुनानगर, 03 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर थाना शहर क्षेत्र में एक 17 वर्षीय छात्रा के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा सोमवार को 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा देने के लिए गई थी, लेकिन निर्धारित समय के बाद भी घर नहीं पहुंची। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, छात्रा सोमवार सुबह परीक्षा देने के लिए मॉडल टाउन स्थित सरकारी स्कूल गई थी। परिवार का कहना है कि उसने निर्धारित समय पर परीक्षा में भाग लिया। स्कूल प्रशासन से प्राप्त सूचना के अनुसार, छात्रा ने पेपर दिया और दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद परिसर से बाहर चली गई। शाम तक बेटी के घर न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया तथा आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, किंतु कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।

इसके बाद परिवार ने विद्यालय प्रशासन से दोबारा संपर्क किया, जहां पुष्टि हुई कि छात्रा परीक्षा के बाद स्कूल से निकल चुकी थी। स्थिति स्पष्ट न होने पर परिजन थाना शहर पहुंचे और लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्रा की तलाश के लिए विभिन्न संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और परिजनों से आवश्यक विवरण लेकर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और छात्रा की सकुशल बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार