home page

यमुनानगर:घर में घुसकर हमला, दो पर केस दर्ज

 | 

यमुनानगर, 06 मार्च (हि.स.)।यमुनानगर शहर के पटेल नगर क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाले एक युवक पर पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों द्वारा घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक और उसके रिश्तेदार घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में पवन कुमार ने बताया कि वह पटेल नगर क्षेत्र में किराये के मकान में रहता है और एक फैक्टरी में वेल्डर के रूप में कार्य करता है।

पवन कुमार के अनुसार शाम के समय वह अपने कमरे में अपने मामा रविंद्र और विक्की सिंह के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले वरुण, निखिल और एक अन्य युवक अचानक गाली-गलौच करते हुए उनके घर में घुस आए।

आरोप है कि तीनों युवकों के हाथों में डंडे और लोहे की रॉड थीं। घर में घुसते ही उन्होंने पवन कुमार पर हमला कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार वरुण ने डंडे से उसकी टांग पर कई वार किए, जबकि निखिल ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर प्रहार किया।

घटना के दौरान मकान मालिक की पत्नी बीच-बचाव के लिए पहुंचीं, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। जाते समय आरोपियों ने दोबारा सामने आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस चौकी हमीदा में प्राप्त शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना शहर यमुनानगर में वरुण और निखिल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार