धार : यात्री बस ने स्कूल बस को पीछे से मारी टक्कर, 4 स्कूली बच्चों समेत 19 घायल
धार, 13 अगस्त (हि.स.)। इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर धार के समीप पीपलखेड़ा में गुरुवार सुबह एक यात्री बस ने स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार स्कूली बच्चों समेत 19 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए धार के जिला भोज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
जानकारी के अनुसार नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलखेड़ा के पास फोरलेन मार्ग पर सुबह करीब 9 बजे हादसा हुआ। गौतम स्कूल की बस विद्यार्थियों को लेने के लिए घाटाबिल्लोद की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही निजी यात्री बस ने स्कूल बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि ओवरटेक के दौरान पर्याप्त जगह नहीं बचने के कारण यात्री बस ने स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूल बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों बसों में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस और एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने डायल-112, पुलिस वाहनों और निजी वाहनों की मदद से घायलों को धार जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया।
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर राजीव रंजन मीना और एसपी सचिन शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार के संबंध में जानकारी ली।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन मुकुंद बर्मन के अनुसार हादसे के बाद कुल 19 मरीज अस्पताल लाए गए। इनमें 15 महिलाएं, एक स्कूली बच्ची और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी को मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार किया जा रहा है।
घायलों में पार्वती (35), पायल (25), वीना (65), महिमा (14), ललिता (45), पार्वती (38), प्रिया (45), सोनू (29), बद्रीलाल (35), अंजलि (20), पलक (28), कुसुम (40), अनिल (27), विजय (46), शिखा (34), गगनबाई (40), सुभाष (78), जितेंद्र (38) और आशा (28) शामिल हैं।
हादसे के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने स्कूल बस चालक पर वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस हादसे के कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

