यमुनानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोर गिरोह का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार
यमुनानगर, 29 मार्च (हि.स.)। थाना सदर पुलिस ने संगठित चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों सहित एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने रविवार काे बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली में चोरी का माल भरकर उत्तर प्रदेश ले जाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर एएसआई संदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसमें सुशील कुमार और मुख्य सिपाही रमनदीप सिंह शामिल थे। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की गई, जिसमें चालक की पहचान गायुर निवासी यमुनानगर के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान पुलिस ने संबंधित फैक्ट्री में छापेमारी कर तीन अन्य आरोपियों यमुनानगर निवासी महिन्द्र,राजेश, हरजिन्द्र पाल तथा शैंकी को गिरफ्तार किया।प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का माल कबाड़ी मोनू निवासी यमुनानगर को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देता था और माल को आगे बेच देता था। मामले की गहन जांच जारी है तथा अन्य संभावित कड़ियों की भी पड़ताल की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

