home page

यमुनानगर:मॉर्निंग वॉक पर निकले कोर्ट कर्मचारी का शव मिला

 | 
यमुनानगर:मॉर्निंग वॉक पर निकले कोर्ट कर्मचारी का शव मिला


यमुनानगर, 06 जुलाई (हि.स.) हरियाणा के यमुनानगर में सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला न्यायालय के एक कर्मचारी का शव ओल्ड सहारनपुर रोड किनारे झाड़ियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए बेटे की अंतरजातीय विवाह की रंजिश से जोड़कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कुरुक्षेत्र जिला न्यायालय में कार्यरत 40 वर्षीय गुरमेल सिंह के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, वह सोमवार सुबह रोजाना की तरह सैर के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद सहारनपुर रोड के निकट झाड़ियों में उनका शव पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक के घुटनों, कमर, हाथ और पैरों पर चोटों के निशान मिले हैं। घटनास्थल से खून के निशान, एक जोड़ी चप्पल तथा आसपास वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

परिजनों का आरोप है कि गुरमेल सिंह के बड़े बेटे ने करीब सात माह पहले अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से लड़की पक्ष इस रिश्ते का विरोध कर रहा था। उनका दावा है कि परिवार को लगातार धमकियां मिल रही थीं। बेटे सुमित ने आरोप लगाया कि करीब दो माह पहले भी उसके पिता की बाइक को टक्कर मारकर डराने का प्रयास किया गया था। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लिया गया है और उसी दिशा में भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार