संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र में मरम्मत कार्य के दौरान ठेका मजदूर घायल, शहडोल रेफर
उमरिया, 03 अगस्त (हि.स.)। उमरिया जिले के संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र में सोमवार को मरम्मत कार्य के दौरान एक ठेका मजदूर घायल हो गया। हादसे के बाद उसे परियोजना अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ताप विद्युत केंद्र के शिपिंग कॉम्पलेक्स स्थित बैडमिंटन क्लब में मरम्मत कार्य चल रहा था। इसी दौरान सिविल विभाग के अधीन कार्य कर रहे ठेका मजदूर हीरालाल का काम करते समय अचानक पैर फिसल गया, जिससे वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों और परियोजना कर्मियों ने उसे संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे शहडोल रेफर कर दिया।
घटना के संबंध में यह भी जानकारी सामने आई है कि हादसे के समय मजदूर ने आवश्यक सुरक्षा उपकरण नहीं पहन रखे थे, हालांकि, इस संबंध में परियोजना प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किस स्तर तक किया जा रहा था।
घटना के बाद ताप विद्युत केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर निगरानी प्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा नियमों के उल्लंघन अथवा किसी प्रकार की लापरवाही की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल प्रबंधन की ओर से इस मामले में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी

