home page

18 महीने तक भरोसा कायम किया, फिर 10-12 लाख रुपये लेकर दंपती गायब; लोगों ने पुलिस से की शिकायत

 | 
18 महीने तक भरोसा कायम किया, फिर 10-12 लाख रुपये लेकर दंपती गायब; लोगों ने पुलिस से की शिकायत


मंदसौर, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के दलौदा में एक दंपती पर स्थानीय लोगों से कथित रूप से 10 से 12 लाख रुपये उधार लेकर गायब होने का आरोप लगा है। करीब 18 महीने तक लोगों के बीच रहकर विश्वास कायम करने के बाद पति-पत्नी ने मंडी में पोस्तादाना कारोबार के लिए रकम उधार ली और इसके बाद अचानक मकान खाली कर चले गए। अब दोनों के मोबाइल नंबर भी बंद बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार पंजाब निवासी प्रवीण अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ दलौदा के पदमिनी विहार में करीब डेढ़ साल से अधिक समय से किराए के मकान में रह रहा था। इस दौरान दंपती ने आसपास के लोगों से मेलजोल बढ़ाया और स्थानीय लोगों के बीच अपना अच्छा सामाजिक परिचय बनाया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि दंपती खुद को आर्थिक रूप से संपन्न बताते थे और परिवार से जुड़ी कई बातें भी लोगों के साथ साझा करते थे।

इसी दौरान दंपती ने कुछ स्थानीय लोगों से मंडी में व्यापार करने तथा पोस्तादाना खरीदने के लिए रकम उधार मांगी। लोगों ने आपसी विश्वास के आधार पर अलग-अलग समय पर उन्हें रुपये दिए। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक कुल रकम करीब 10 से 12 लाख रुपये तक पहुंच गई।

रुपये लेने के बाद कुछ समय तक दंपती क्षेत्र में नजर आते रहे, लेकिन अचानक उन्होंने मकान खाली कर दिया। जब रकम वापस लेने के लिए लोगों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो दोनों के मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद लोगों को संदेह हुआ कि दंपती कहीं चले गए हैं।

मामले को लेकर कई लोग एकत्र होकर दलौदा थाने पहुंचे और पुलिस को आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को दंपती द्वारा रकम लिए जाने और उसके बाद संपर्क से बाहर होने की जानकारी दी है।

दलौदा थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप डांगी ने शनिवार को बताया कि मामले में शिकायत आवेदन प्राप्त हुआ है। शिकायत में पति-पत्नी पर करीब 10 से 12 लाख रुपये लेकर चले जाने की बात कही गई है। दोनों के मोबाइल नंबर फिलहाल बंद बताए जा रहे हैं। पुलिस शिकायत में दिए गए तथ्यों के आधार पर मामले की जानकारी जुटा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया