home page

शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

 | 
शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार


सुपौल, 28 अप्रैल (हि.स.)। जिले के जदिया थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है।

आरोपी द्वारा शादी से इंकार करने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता 28 वर्षीय महिला है और दो बच्चों की मां है। उसका पति मजदूरी के सिलसिले में जम्मू-कश्मीर के राजौरी में रहता है। इसी दौरान पड़ोस के 24 वर्षीय युवक मो. कुर्बान ने महिला से नजदीकी बढ़ाई और कथित तौर पर शादी का झांसा देकर उसका शोषण करता रहा।

आरोप है कि जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण पीड़िता लंबे समय तक चुप रही। हाल ही में आरोपी उसके घर में घुस आया और जबरन दुष्कर्म का प्रयास करने लगा।महिला के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।

इसके बाद गांव में सामाजिक स्तर पर दोनों की शादी कराने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी ने साफ इंकार कर दिया।पीड़िता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जदिया के प्रभारी थानाध्यक्ष एस. एन. पाठक ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र