बागपत में महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपित जेठ फरार
बागपत, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। हत्या का कारण प्रोपर्टी विवाद बताया जा रहा है। मामले का आरोपित जेठ मोके से फरार है जिसकी तलाश में पुलिस लगी हुई है।
घटना खेकड़ा थाना क्षेत्र स्थित हसनपुर मसूरी गांव में सम्पत्ति के बंटवारे को लेकर पारिवारिक विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि, आरोपित परविंदर ने अपने छोटे भाई जयराम उर्फ बिजेंद्र की पत्नी गुंजन उर्फ अंकिता को गोली मार दी। गोली लगते ही महिला ने मौके पर दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान घटनास्थल से गोली का एक खोखा भी बरामद किया गया है।
थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा का कहना है कि प्रारम्भिक जांच में मामला पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़ा पाया गया है। आरोपित की तलाश के लिए टीमें लगी हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गांव में स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

