home page

भोपाल में करवाचौथ व्रत से पहले महिला फंदे पर झूली, तीन महीने से चल रहा था मानसिक बिमारी का इलाज

 | 
भोपाल में करवाचौथ व्रत से पहले महिला फंदे पर झूली, तीन महीने से चल रहा था मानसिक बिमारी का इलाज


भोपाल, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के बिलखिरिया थाना क्षेत्र के जमुनिया कला गांव में 42 वर्षीय महिला ने बुधवार रात फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह उनकी बेटी ने मां को घर में फंदे पर लटका देखा। इसके बाद उसने शोर मचाकर परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

महिला की पहचान अनीता मैथिल (42) पत्नी मोहन मैथिल के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, अनीता ने बुधवार रात करवाचौथ का व्रत रखने की बात कही थी। इसके बाद वह सोने चली गई थीं। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे बेटी ने मां का शव फंदे पर लटका देखा। बेटी के शोर मचाने पर परिवार के लोगों को घटना की जानकारी मिली। अनीता के भतीजे विशाल ने बताया कि चाची ने रात में करवाचौथ का व्रत रखने की बात कही थी।

पुलिस के अनुसार, अनीता गृहिणी थीं, जबकि उनके पति मोहन मैथिल खेती-किसानी करते हैं। दंपती की तीन बेटियां और एक बेटा है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अनीता की मानसिक स्थिति पिछले करीब तीन महीने से ठीक नहीं थी और उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, उनकी मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

घटना की सूचना मिलने पर बिलखिरिया थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। गुरुवार दाेपहर काे पाेस्टमार्टम के बाद शव परिजनाें काे साैंप दिया गया। परिजनों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे