मॉर्निंग वॉक पर निकली वृद्ध महिला के गले से सोने का चेन झपटा
सुपौल, 28 अप्रैल (हि.स.)। जिले में त्रिवेणीगंज मुख्यालय के धर्मशाला रोड स्थित राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी पूर्व उत्तर सड़क पर एक 78 वर्षीय वृद्ध महिला के गले से दो बाइक सवार नकाबपोश अपराधी गले के सोने चेन छीनकर मौके से दक्षिण दिशा की ओर भागने में सफल रहे।
घटना मंगलवार की सुबह की बताई जाती है। इस घटना से समूचे बाजार क्षेत्र में सनसनी फैल गई और जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर लोगों का तांता लग गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और उन लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन दोनों बाइक सवार नकाबपोश बदमाश भागने में सफल रहे।
इस संबंध में महिला के पुत्र राज कपूर गुप्ता ने घटना को लेकर थाने में आवेदन दिया है। दिए गए आवेदन में पीड़िता के पुत्र ने कहा है कि मैं राजकपूर गुप्ता, पता नथुनी प्रसाद गुप्ता नगर परिषद वार्ड 20 मेन रोड, दुर्गा मंदिर के पास का निवासी हूं। कहा है कि मंगलवार 28 अप्रैल 26 की सुबह मेरी 78 वर्षीय मां तारा देवी मॉर्निंग मॉर्निंग वॉक से लौट रही थी। इसी क्रम में सुबह करीब पांच - साढ़े पांच बजे त्रिवेणीगंज बाजार के धर्मशाला के पास श्री राधा कृष्ण ठाकुरबाड़ी मंदिर के पूर्व उत्तर सड़क पर पीछे से एक काले रंग के बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने मेरी मां के गले से सोने का चैन, करीब 15 ग्राम, मूल्य करीब दो लाख रुपये छीन लिया और दक्षिण दिशा की ओर भाग गए।
हल्ला होने पर हम लोगों ने दोनों बाइक सवार बदमाश का पीछा भी किया लेकिन वे भागने में सफल रहे। कहा कि घटना के बाद हम लोग काफी डरे - सहमे हुए हैं और बदमाशों को नहीं पहचानते हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस छानबीन कर रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

