संदिग्ध परिस्थिति में नवविवाहिता की मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप
भागलपुर, 22 मार्च (हि.स.)। जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र के बहादुरपुर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना बीते देर रात की बताई जा रही है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय अर्पणा कुमारी के रूप में हुई है, जो पटना डीएम के निजी ड्राइवर अनिल यादव की बेटी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अर्पणा की शादी 22 नवंबर 2024 को बहादुरपुर निवासी सोनू कुमार से हुई थी।
परिजन का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष द्वारा सोने की चेन, अंगूठी और चार पहिया वाहन की मांग की जा रही थी। बताया जा रहा है कि देर रात ससुराल के एक पड़ोसी ने फोन कर लड़की की मौत की सूचना दी। रात करीब एक बजे जब पिता को जानकारी मिली तो उन्होंने दामाद को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद वे तुरंत पटना से भागलपुर के लिए रवाना हुए और सुबह करीब नौ बजे ससुराल पहुंचे।
परिजनों के अनुसार मौके पर पहुंचने पर अर्पणा की शव बेड पर पड़ा मिला और घर के सदस्य वहां मौजूद नहीं थे। ससुराल वालों का कहना है कि अर्पणा ने पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाई। लेकिन पिता का आरोप है कि बेटी के गले पर रस्सी के निशान मिले हैं। जिससे मामला संदिग्ध हो गया है। मृतका के पिता ने पति, सास और अन्य ससुराल वालों पर दहेज हत्या और साजिश का गंभीर आरोप लगाते हुए औद्योगिक थाने में मामला दर्ज कराया है।
उन्होंने यह भी बताया कि अर्पणा अक्सर अपनी मां को ससुराल में हो रही प्रताड़ना की बात बताया करती थी और उसका पति उसके साथ मारपीट करता था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

