home page

विवाहिता का शव बेड पर मिला, ससुरालियाें पर लगा हत्या का आरोप

 | 
विवाहिता का शव बेड पर मिला, ससुरालियाें पर लगा हत्या का आरोप


बरेली, 22 जून (हि.स.)। जिले की सीबीगंज थाना क्षेत्र स्थित सुंदरासी गांव में रविवार रात घर के कमरे में महिला का शव बेड पर पड़ा मिला। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मीरगंज क्षेत्र के असद नगर निवासी हरप्रसाद ने बताया कि उनकी बेटी यमुना की शादी नवंबर 2025 में सुंदरासी गांव निवासी अंकित के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए बेटी को परेशान कर रहे थे। इसको लेकर कई बार विवाद भी हो चुका है।

परिजनों के मुताबिक रविवार रात पड़ोस में रहने वाले लोगों ने यमुना की मौत की सूचना मायके वालों को दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग आनन-फानन में सुंदरासी गांव पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने यमुना का शव कमरे में बेड पर पड़ा देखा। परिजनों का आरोप है कि उसके गले पर सूजन के निशान थे, जिससे उन्हें गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है।

मृतका के पिता हरप्रसाद ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सीबीगंज थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चतुर्वेदी ने सोमवार को बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार