उत्तर प्रदेश: हमीरपुर जिले के जंगल में महिला का सिर कटा शव मिला
हमीरपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मझगवां थाना क्षेत्र स्थित गिरवर गांव के बाहर जंगल में शुक्रवार काे एक अज्ञात महिला का धड़ मिला, जबकि सिर गायब है। पुलिस ने महिला का धड़ कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। सूचना पाकर माैके पर पहुंची फाेरेसिंक और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल पर जांच कर साक्ष्य एकत्र किया। मृतक महिला की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। कई थानों की पुलिस के साथ ही एसओजी टीमें मृतका के सिर की तलाश में हैं, लेकिन अभी तक सिर का पता नहीं चल सका।
सीओ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि मझगवां थाना क्षेत्र स्थित गिरवर गांव के जंगल में महिला की सिर कटी लाश पड़े होने की सूचना पर पुलिस फोर्स ने मौके पर जांच की। घटनास्थल पर महिला का धड़ मिला, जबकि सिर गायब है। मौके पर उसके कपड़े जले हुए पाए गए। फील्ड यूनिट व फाेरेसिंक टीम को घटनास्थल पर जांच साक्ष्य एकत्र किये। मृतका की उम्र करीब 38 साल है।
ग्रामीणाें का कहना है कि अज्ञात लोगों ने दुष्कर्म कर महिला की बेरहमी से हत्या कर उसका सिर काटकर ले गए हैं। सीओ ने बताया कि मझगवां, राठ थाना पुलिस के साथ ही एसओजी टीम को मृतका के सिर की तलाश के लिए लगाया गया है। गांव के चौकीदार सुरेन्द्र कुमार अनुरागी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा भी लिखा गया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

