home page

एयरलाइंस में नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार

 | 
एयरलाइंस में नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार


नोएडा, 31 अक्टूबर (हि.स.)। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने बीती रात को एक सूचना के आधार पर विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों में नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। इसके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, लैपटॉप आदि बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त प्रीति यादव ने बताया कि बीती रात को साइबर क्राइम थाने के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह राणा ने एक सूचना के आधार पर सेक्टर 142 के पास से ब्यूटी बोरबोरह पुत्री बोरबोरह मूलनिवासी जनपद सोनितपुर असम को सेक्टर 142 के पास से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि उसके पास से पुलिस ने एक मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि यह महिला विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों में नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाती थी तथा उनसे लाखों रुपये की ठगी कर रही थी।

डीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार महिला ने पुलिस को बताया कि वह साइन एजुकेशन के नाम से एक कंपनी चलाती है, तथा टाटा एयरलाइंस, इंडिगो एयरलाइंस सहित विभिन्न कंपनियों में नौकरी दिलवाने के नाम पर अलग-अलग सोशल मीडिया पर पेज चलाती है। इसके माध्यम से महिला लोगों को अपने जाल में फंसाती है। उसके बाद वह प्रोसेसिंग फीस, इंटरव्यू आदि के नाम पर ऑनलाइन विभिन्न खातों में लोगों से रकम डलवाती है। गिरफ्तार महिला ने नोएडा तथा देश के विभिन्न जगहों पर रहने वाले सैकड़ो लोगों से एयरलाइंस में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों की ठगी करनी स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि महिला को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी