home page

बड़ी बहन ने प्रेमी संग मिलकर की थी छोटी बहन की हत्या, आराेपित गिरफ्तार

 | 
बड़ी बहन ने प्रेमी संग मिलकर की थी छोटी बहन की हत्या, आराेपित गिरफ्तार


बाराबंकी, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में बीते शुक्रवार को खेत में मिली एक किशोरी के शव और उसकी हत्या का खुलासा पुलिस ने शनिवार को कर दिया है। पुलिस का दावा है कि किशोरी की हत्या उसकी बड़ी बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी।

थाना प्रभारी आशुतोष मिश्रा ने शनिवार काे बताया कि मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बसारी गांव में बीते शुक्रवार को खेत में मृत अवस्था में मिली किशोरी का शव और उसकी हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या के आरोप में उसकी बड़ी बहन काजल (18) और उसके प्रेमी शिवम (20) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपित युवती काजल ने बताया कि पड़ोसी गांव के शिवम के बीच करीब दो महीने पहले फेसबुक के जरिए दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। होली के दौरान परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी मिली, जिसके बाद पिता ने उसे शिवम से मिलने से मना करने पर उसका मोबाइल तोड़ दिया था। इसके बावजूद काजल चोरी-छिपे शिवम से मिलती थी। बीती गुरुवार को अनुष्का गांव के अन्य बच्चों के साथ खेत में मेंथा की रोपाई करने गई थी। इसी दौरान उसने बड़ी बहन काजल और उसके प्रेमी शिवम काे पास के खेत में आपत्तिजनक हालत में देख लिया और घर जाकर पिता को बताने की बात कही।

इस बात से घबराकर काजल और शिवम ने मिलकर अनुष्का का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों योजना बनायी और इसके तहत काजल ने खुद ही घर जाकर अनुष्का के लापता होने की सूचना दी। पुलिस को भी उसने गुमराह करने की कोशिश की। यहां तक कि एक वीडियो में वह आत्मविश्वास के साथ बयान देती नजर आई। थाना प्रभारी ने बताया कि काजल के बयानों में विरोधाभास लगा, जिसके बाद गहराई से जांच की गई। पूछताछ में पूरी साजिश सामने आ गई और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि एक बहन ने अपने प्रेम संबंध को छिपाने के लिए अपनी ही छोटी बहन की हत्या कर दी। इसको लेकर गांव में चर्चा का माहौल है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी