home page

छतरपुर : दिनदहाड़े महिला की गला रेतकर हत्या, सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध

 | 
छतरपुर : दिनदहाड़े महिला की गला रेतकर हत्या, सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध


छतरपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक महिला की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात सिविल लाइन थाना क्षेत्र की अमलतास कॉलोनी में हुई। मृतका की पहचान ज्योति चौरसिया (27) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला पर धारदार हथियार से हमला करने के बाद उसका गला रेत दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि अनुसार वारदात शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हुई। महिला का शव उसके घर के मुख्य गेट के पास पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त बल घटनास्थल पर पहुंचा और इलाके को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर वारदात से पहले और बाद में घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के दौरान महिला के घर के अंदर दो बच्चे मिले। दोनों की उम्र करीब चार और छह वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित घर से बाहर निकाला। पुलिस अभी यह पता लगा रही है कि ज्योति चौरसिया यहां किसके साथ रहती थी और उसके पारिवारिक तथा व्यक्तिगत संबंध क्या थे। महिला शादीशुदा थी या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल पुलिस की ओर से नहीं की गई है।

प्रारंभिक जांच में महिला का दो युवकों से विवाद होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद महिला के साथ मारपीट किए जाने और धारदार हथियार से हमला करने की बात कही जा रही है। महिला की नाक काटने और बाद में गला रेतकर हत्या किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में दो युवक दिखाई देने की बात सामने आई है। इनमें से एक युवक बाइक पर सवार नजर आ रहा है, जबकि दूसरा महिला पर हमला करता दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

अमलतास कॉलोनी में करीब डेढ़ महीने के भीतर महिला की हत्या की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 17 अगस्त 2026 को इसी कॉलोनी में मालती प्रजापति नाम की महिला की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी।

अब उसी क्षेत्र में दिनदहाड़े एक और महिला की हत्या की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले इसी कॉलोनी में मालती प्रजापति (27) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी।

एडिशनल एसपी आदित्य पाटिल ने बताया कि फिलहाल मृतका से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ यह भी जांच की जा रही है कि महिला मूल रूप से कहां की रहने वाली थी और अमलतास कॉलोनी में किसके साथ रह रही थी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा