झोले में मिला महिला का क्षत-विक्षत शव, शिनाख्त कराने में जुटी पुलिस
जौनपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर में मड़ियाहूं कोतवाली थाना क्षेत्र के रानीपुर चौराहे के पास रविवार को एक झोले में अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव की हालत बेहद खराब थी। महिला के दोनों हाथ और कमर के नीचे का हिस्सा अलग मिला, जिससे हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की आशंका जताई जा रही है।
शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची मड़ियाहूं थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल मृतका की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया या वारदात इसी क्षेत्र में हुई। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है।
इस मामले में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी सदर परमानन्द कुशवाहा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शव की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों से पहचाना कराई गई है लेकिन शिनाख्त नहीं हुई है। शव दो दिन पहले का लग रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

