home page

गुठनी में महिला हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 | 
गुठनी में महिला हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार


सीवान, 11 जून (हि.स.)। जिले में गुठनी थाना क्षेत्र के डरैला गांव में महिला हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी ने महिला की गला घोंटकर हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को ईंट-भट्ठे के पास एक गड्ढे में छिपा दिया था। पुलिस के अनुसार, 10 जून को गुठनी थाना को प्राप्त लिखित आवेदन में बताया गया कि डरैला निवासी मुमताज अहमद ने नजमा खातून की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को शैलेश सिंह की चिमनी के समीप एक गड्ढे में रखकर ऊपर से ईंटों से ढक दिया, ताकि घटना की जानकारी किसी को न हो सके।

मामले को गंभीरता से लेते हुए गुठनी थाना में मृतका के परिजनों के आवेदन पर धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। अनुसंधान एवं प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी मुमताज अहमद, पिता-सफीर अहमद, निवासी-डरैला, थाना-गुठनी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में प्रारंभिक रूप से यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी और मृतका के परिजनों के बीच पूर्व से किसी विवाद को लेकर दुश्मनी चली आ रही थी। इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले की विस्तृत जांच जारी है। गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष पु.अ.नि. सुनील कुमार,पु.अ.नि. मशहुर आलम एवं गुठनी थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma