home page

ईंट-भट्ठे के गड्ढे में दफन मिली महिला की लाश, हत्या कर सबूत मिटाने की आशंका

 | 
ईंट-भट्ठे के गड्ढे में दफन मिली महिला की लाश, हत्या कर सबूत मिटाने की आशंका


ईंट-भट्ठे के गड्ढे में दफन मिली महिला की लाश, हत्या कर सबूत मिटाने की आशंका


सीवान, 10 जून (हि.स.)। जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के डरैला गांव स्थित एक ईंट-भट्ठा परिसर में बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गड्ढे में ईंटों से दबा एक महिला का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। प्रथम दृष्टया मामला हत्या कर शव को छिपाने का प्रतीत हो रहा है। शव की पहचान नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, डरैला गांव स्थित शैलेश सिंह के चिमनी परिसर में एक गड्ढे के अंदर महिला का शव दबा होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष निरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने गड्ढे से शव को बाहर निकलवाया तथा आसपास से एक मंगलसूत्र, चप्पल और एक झोला बरामद किया, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर गड्ढे में दबाया गया है, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें। शव की स्थिति को देखकर भी हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस ने शव की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि मौत के कारणों का पता चल सके।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा हो सकेगा। इस सनसनीखेज बरामदगी के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma