home page

अनूपपुर: स्कूल के खंडहर भवन में मिला महिला का शव, पुलिस को हत्या की आशंका

 | 
अनूपपुर: स्कूल के खंडहर भवन में मिला महिला का शव, पुलिस को हत्या की आशंका


अनूपपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक खंडहरनुमा अधूरे भवन में 54 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कुशियारा गांव निवासी मालती यादव पत्नी स्व. राममिलन यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस इस आशंका पर भी जांच कर रही है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर छोड़ा गया हो।

मालती यादव का शव जमुना मॉडल स्कूल के सामने स्कूल के लिए प्रस्तावित अधूरे भवन में मिला। पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात महिला के भाई ने भवन में शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। शुक्रवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।

पति की मौत के बाद मायके में रह रही थी महिला

थाना प्रभारी राधिका भगत के अनुसार, मालती यादव की शादी छत्तीसगढ़ निवासी राममिलन यादव से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पति की मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपने मायके लौट आई थी। उसकी कोई संतान नहीं थी। वह माता-पिता से अलग रहकर आसपास के घरों में घरेलू काम और मजदूरी कर अपना जीवनयापन करती थी।

बुधवार शाम काम से लौटने के बाद लापता थी

परिजनों के मुताबिक, मालती बुधवार शाम घरों में काम करने के बाद लौटी थी। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। गुरुवार रात उसके भाई को अधूरे भवन में शव पड़े होने की जानकारी मिली। जिस भवन में शव मिला, उसका निर्माण स्कूल के लिए प्रस्तावित था, लेकिन काम अधूरा रह गया। भवन में कमरे बने हैं, लेकिन छत नहीं डाली गई है। सुनसान स्थान पर स्थित इस भवन में शव मिलने से पुलिस हत्या के साथ ही शव को दूसरी जगह से लाकर यहां छिपाने की आशंका के पहलू पर भी जांच कर रही है।

एसपी बोले- हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। महिला के चेहरे पर खून जमा हुआ था और शरीर पर चींटियां लगी थीं। इससे शव एक-दो दिन पुराना होने की आशंका है। यह भी संभव है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर रखा गया हो। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और परिस्थितियों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला