अनूपपुर: संदिग्ध परिस्थितियों खेत में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका
अनूपपुर, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के बरबसपुर गांव में डुग्गी तालाब के पास एक खेत में बुधवार की सुबह 50 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। महिला के कपड़े भी अलग-अलग जगह मिले हैं।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतका की पहचान नशीबाई, पति स्व. लालू यादव के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही भालूमाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान ने बताया कि महिला का पति कुछ वर्ष पहले गुजर चुका है और उसके दो बेटे हैं। ग्रामीणों ने सुबह करीब 10 बजे शव देखे जाने की जानकारी पुलिस को दी थी। प्राथमिक जांच में शव पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या गला घोंटकर की गई है। यह घटना रात से सुबह के बीच घटित हुई होगी।
पुलिस फिलहाल परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

