home page

अनूपपुर: पेड़ से लटका मिला महिला का शव, पुलिस जुटी जांच में

 | 
अनूपपुर: पेड़ से लटका मिला महिला का शव, पुलिस जुटी जांच में


अनूपपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला की कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस लाइन के पीछे मानपुर ग्राम पंचायत के दनदन टोला में 40 वर्षीय महिला का शव आम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। महिला एक दिन पहले ही बुढार से अपने मायके आई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान रामबाई कोल पत्नी स्व. राकेश कोल निवासी बस स्टैंड के पास बुढार, जिला शहडोल के रूप में हुई है। रविवार को बुढार से अपने मायके दनदन टोला आई थी। सोमवार को राम प्रसाद कोल अपनी बाड़ी की ओर गए तो वहां आम के पेड़ पर महिला का शव लटका देखा। उन्होंने इसकी जानकारी मृतका के पिता को दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कार्रवाई की। महिला ने साड़ी का फंदा बनाया था। पुलिस के अनुसार घटना रविवार रात की होना प्रतीत हो रही है।

परिजनों के अनुसार रामबाई के पति का करीब एक साल पहले बीमारी के चलते निधन हो गया था। परिवार में उसकी 18 वर्षीय बेटी और 19 वर्षीय बेटा हैं। सास-ससुर का भी पहले ही निधन हो चुका है।

कोतवाली थाने के विवेचक सहायक उपनिरीक्षक संतोष वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल महिला के इस कदम के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला