हत्यारोपित महिला नाबालिग बेटों के साथ गिरफ्तार
सुलतानपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में चांदा थाना पुलिस और एसओजी टीम ने एक हत्या के मामले में महिला और दो नाबालिग बेटों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
चांदा थाने के एक गाँव में 17 जुलाई की रात भूमि बंटवारे और रास्ते के विवाद को लेकर रमापति तिवारी पर हमला किया गया था। उनकी बहू ने 18 जुलाई 2026 को चांदा थाने में सूचना दी थी कि आरोपितों ने उनके ससुर रमापति तिवारी पर हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सीएचसी चांदा से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के संबंध में चांदा थाने में मामला दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और वादिनी व गवाहों के बयान दर्ज किए गए। अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में हत्या की धारा भी बढ़ाई गई।
लंभुआ क्षेत्राधिकारी ऋतिक कपूर ने मंगलवार को बताया कि एक नाबालिग की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई। साथ ही, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल यूपी-44-बीपी-3809भी जब्त की गई। उक्त घटना में आज शशि तिवारी पत्नी बलवंत तिवारी और शामिल दो
नाबालिग बेटों को पकड़ते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
-----------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

