प्रेमी संग भागी पत्नी की पति ने की पुलिस की मौजूदगी में चाकू मारकर हत्या
हैदराबाद, 06 अप्रैल (हि.स.) । तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां कथित रूप से
प्रेमी के साथ भागी एक विवाहित महिला की उसके पति ने चाकू मारकर हत्या कर दी। यह वारदात सोमवार को उस समय हुई, जब पुलिस महिला को महबूबनगर जिले के जडचेरला से वापस ला रही थी।
बताया गया कि 29 वर्षीय कविता 27 मार्च को कर्नाटक के निवासी पवन के साथ कथित रूप से भाग गई थी। दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी, जिसके बाद महिला भाग गई। पति सिद्धा रेड्डी की शिकायत पर पुलिस ने पवन के फोन को सर्विलांस पर रखा और उसकी लोकेशन जडचेरला में ट्रेस की। इसके बाद पुलिसकर्मी, सिद्धा रेड्डी और उसके एक रिश्तेदार के साथ जडचेरला पहुंचे, जहां से महिला को बरामद कर लिया, लेकिन आरोपी प्रेमी पवन मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस महिला को कार से परिजनाें के साथ जहीराबाद ला रहे थे। कार में आगे की सीट पर पुलिसकर्मी बैठा था, जबकि पीछे की सीट पर महिला, उसका पति और उसका एक रिश्तेदार बैठे थे।
बताया गया कि सदाशिवपेट मंडल के नंदिकांडी के पास पहुंचते ही पति सिद्धा रेड्डी ने अचानक चाकू निकालकर कविता के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिसकर्मी ने तुरंत आरोपित को काबू में लेकर हिरासत में ले लिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

