ओडिशा से आठ किलो गांजा लेकर आ रही महिला तस्कर गिरफ्तार
कानपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। रेलबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक महिला को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से 8.295 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। सूचना पर पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बरामद गांजे को कब्जे में ले लिया।
सहायक पुलिस आयुक्त छावनी डॉ. प्रियंका बाजपेयी ने गुरुवार को बताया कि रेलबाजार पुलिस शिव नारायण टंडन पुल के पास संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पैराशूट फैक्ट्री की ओर से एक महिला ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग लेकर आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर वह पीछे मुड़कर भागने लगी। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर नियमानुसार तलाशी ली।
तलाशी में बैग से टेप में लिपटे चार पैकेट मिले। जांच करने पर पैकेटों में गांजा मिला। इसका कुल वजन 8.295 किलोग्राम निकला। गिरफ्तार महिला की पहचान चांदनी जोशी निवासी अजीतगंज, शाहजहांपुर के रूप में हुई।
पूछताछ में चांदनी ने बताया कि वह गांजे की खेप ओडिशा के भुवनेश्वर से लेकर कानपुर आई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किसे पहुंचाया जाना था और इस तस्करी में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

