दिनदहाड़े महिला से लूटपाट, घर में घुसकर लाखों के जेवरात और नगद ले उड़े दो बदमाश, एसपी ने गठित की जांच टीम
जांजगीर-चांपा, 14 नवंबर (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले में दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला से लाखों रुपये के जेवरात और नगदी लूटने के मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बड़ा एक्शन लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ यूलैण्डन यार्क के नेतृत्व में 8 सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। टीम को जल्द से जल्द आरोपित की पहचान कर उन्हें पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दरअसल, घटना अमरैया पारा वार्ड नंबर 23 की है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दो नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर अकेली महिला को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि महिला घर में अकेली थी। इसी दौरान छत पर आहट सुनकर वह बाहर निकली, तो गमछे से चेहरा ढके दो युवक दिखाई दिए।
आरोप है कि दोनों बदमाश महिला को जबरदस्ती कमरे में ले गए और अलमारी की चाबी मांगी। महिला के पास चाबी नहीं मिलने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 8 हजार रुपये नगद लेकर अपने साइकिल से फरार हो गए।
इस मामले की जांच के लिए आज शनिवार को पुलिस अधीक्षक ने एक टीम का गठन किया गया है, जिसमें 8 सदस्यीय गठित टीम में नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, उप पुलिस अधीक्षक अजाक सतरूपा तारम, जांजगीर थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, नैला चौकी प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव, चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे, बलौदा थाना प्रभारी मनोहर लाल सिन्हा, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा और पुलिस सहायता केंद्र करही के सउनि. रामप्रसाद बघेल को शामिल किया गया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

