home page

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार

 | 
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार


रायगढ़, 25 मार्च (हि.स.)। महिला थाना पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर युवती के साथ शारीरिक शोषण करने वाले आरोपित के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 24 मार्च 2026 को स्थानीय युवती (उम्र 29 वर्ष) द्वारा महिला थाना रायगढ़ में आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू निवासी सरिया से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद आरोपित ने विश्वास में लेकर दिनांक 20 अक्टूबर 2025 को युवती के घर पहुंचकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी, जिससे डरी सहमी युवती ने किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। इसके बाद नवंबर 2025 में आरोपित युवती को रायपुर अपने रिश्तेदार के घर ले गया, जहां भी उसने दो दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।

युवती द्वारा लगातार शादी का दबाव बनाने पर आरोपित टालमटोल करता रहा और अंततः दिनांक 05 मार्च 2026 को सरिया बुलाकर बाजार चौक में मिलने के बाद उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। घटना से आहत युवती ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर थाना महिला रायगढ़ में अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 351(3), 69 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू (34 वर्ष), पिता धनराज साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 8 थाना सरिया, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को कल ही उसके निवास से हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पोको मोबाइल फोन जब्त कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां आज बुधवार को उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान