home page

चलती ट्रेन में गर्भवती महिला से दुष्कर्म के आरोपित को पांच दिन की पुलिस हिरासत

 | 

अलीपुरद्वार, 08 अगस्त (हि. स.)। अलीपुरद्वार में चलती महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन में एक गर्भवती महिला के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना शनिवार को सामने आई है। पीड़िता दो महीने की गर्भवती बताई जा रही है। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा तंत्र की मदद से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित का नाम गौतम महतो है। वह असम के रंगिया का निवासी है। पुलिस आरोपित को अदालत में पेश कर पांच दिन की पुलिस हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता दिल्ली से अलीपुरद्वार लौट रही थी, जहां उसकी बहन प्रवासी मजदूर के रूप में काम करती है। वह अपनी बहन को जरूरी सामान देकर अकेले वापस लौट रही थी। गुरुवार देर रात हासीमारा स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद डिब्बे में मौजूद अन्य यात्री उतर गए, जिससे कोच लगभग खाली हो गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपित गौतम महतो ने महिला के साथ जबरदस्ती की।

पीड़िता के अनुसार, उसने मदद के लिए चिल्लाया, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली। बाद में महिला ने घटना की सूचना रेलवे प्रशासन को दी। जिसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम सतर्क हो गई। जैसे ही महानंदा एक्सप्रेस अलीपुरद्वार जंक्शन पहुंची कोच से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। जबकि पीड़िता को गंभीर हालत में अलीपुरद्वार जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि गार्ड के डिब्बे से अन्य कोच में सीधे जाने की सुविधा नहीं होती और ट्रेन के बिना रुके चलने के कारण तुरंत हस्तक्षेप संभव नहीं हो पाया। आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार