home page

कोल्ड ड्रिंक पिलाकर युवती से मुरादाबाद और देहरादून में दुष्कर्म, मुख्य आरोपित समेत तीन पर मुकदमा दर्ज

 | 
कोल्ड ड्रिंक पिलाकर युवती से मुरादाबाद और देहरादून में दुष्कर्म, मुख्य आरोपित समेत तीन पर मुकदमा दर्ज


मुरादाबाद,09 नवंबर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाली युवती को एक युवक ने कोल्डड्रिंक में नशा देकर मुरादाबाद और उत्तराखंड के देहरादून में उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपित ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। जिसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर आरोपित ने पीड़िता को ब्लैकमेल किया। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित, एक युवती और उसके भाई के खिलाफ सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित युवती ने मझोला थाने में आज दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि करीब तीन साल पहले उसकी मुलाकात खुशहालपुर निवासी अनुभव भटनागर से जिम में हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपित ने उसे कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। एक दिन आरोपित ने उसे खुशहालपुर क्षेत्र में स्थित एक फार्म हाउस में बुलाया।

जहां आरोपित ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ डालकर पिला दिया। इसके बाद पीड़िता बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो भी बना लिया।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपित ने पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने बताया कि 26 अक्टूबर को आरोपित उसे देहरादून में ले गए और वीडियो डिलिट करने का आश्वासन देकर होटल में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके अलावा आरोपित ने उसे शादी करने का वादा भी किया था। इस दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई। अब आरोपित किसी दूसरी लड़की से शादी कर रहा है। पीड़िता का कहना है कि आरोपित, एक युवती और उसका भाई कुशाग्र यादव उसे धमकी दे रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार आरोपित अनुभव भटनागर, एक युवती और उसके भाई कुशाग्र यादव के खिलाफ सोमवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल