मुरैना: बस की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत
मुरैना, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना में गुरूवार दोपहर एक अनियंत्रित सवारी बस ने स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी सवार महिला उछलकर काफी दूर जा गिरी। चालक बस को मौके पर ही खड़ा छोडक़र भाग गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस व परिजनों द्वारा एम्बुलेंस के माध्यम से महिला को जिला चिकित्सालय लाया गया। परीक्षण के पश्चात चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस द्वारा महिला का शव डेड हाउस ले जाया गया। यहां चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम कर परिजनों को शव सौंप दिया। महिला की पहचान अंजू तोमर के रूप में हुई है। इनके भाई कुलदीप भदौरिया थाना स्टेशन रोड़ पर पदस्थ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जिले के थाना सिविल लाइन थाना क्षेत्रान्तर्गत मुरैना से ग्वालियर जाने वाले मार्ग पर स्कूटी पर सवार श्रीमती अंजू तोमर जा रही थीं। छौंदा टोल नाका से 500 मीटर पहले पीछे से आ रही बस ने टक्कर मार दी। चालक बस को अनियंत्रित गति से लेकर मुरैना से ग्वालियर की ओर जा रहा था।
बताया जा रहा है कि मृतक महिला अंजू तोमर मुरैना के तहसील कार्यालय में आउट सोर्स से कम्प्यूटर ऑपरेटर का कार्य कर रहीं थी। लंच के दौरान कार्यालय से निकलकर वह ग्वालियर मार्ग पर किसी आवश्यक कार्य से जा रही थीं। पुलिस ने घटनाकारित करने वाली बस को जब्त कर लिया है। चालक की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

