रीवा में महिला की हत्या, सिर काटकर ले गए आरोपी, पुलिस को सिर्फ धड़ मिला
रीवा, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लोही गांव में सोमवार को एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के पीछे हिस्से में क्षत-विक्षत हालत में मिला, जबकि सिर धड़ से अलग था और अब तक बरामद नहीं हो सका है।
पुलिस के अनुसार, मृतक महिला की पहचान लीलावती पटेल (60) के रूप में हुई है। वह घर में अकेली रहती थीं। गांव के लोगों ने उनकी बेटी को हत्या की सूचना दी, जिसके बाद उनकी बेटी नीता पटेल मौके पर पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
नीता पटेल ने आरोप लगाया कि उनकी मां की बेरहमी से हत्या की गई है और शरीर पर कई जगह गंभीर घाव हैं। उनका कहना है कि आरोपियों ने क्रूरता की हद पार करते हुए उनकी मां का सिर काटकर अपने साथ ले गए। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी मां की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, ऐसे में हत्या का कारण समझ से परे है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही आसपास के करीब दो किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। पुलिस फिलहाल ग्रामीणों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि फिलहाल किसी आरोपी को हिरासत में नहीं लिया गया है और महिला का सिर अब भी गायब है। डॉग स्क्वॉड की टीम भी जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

