home page

खूनी संघर्ष में बदला पारिवारिक विवाद, थाने रिपोर्ट देने जा रही महिला की कार से कुचल कर हत्या

 | 
खूनी संघर्ष में बदला पारिवारिक विवाद, थाने रिपोर्ट देने जा रही महिला की कार से कुचल कर हत्या


चित्तौड़गढ़, 20 मार्च (हि.स.)। जिले के निकुंभ थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दो सगे भाइयों में आपसी पारिवारिक लेन-देन का मामला खूनी संघर्ष मेंं बदल गया। इस दौरान हुए झगड़े में एक व्यक्ति घायल हुआ और उसकी पत्नी जब पुलिस में रिपोर्ट देने जा रही थी इसी दौरान दूसरे पक्ष ने कार से टक्कर मार कर महिला को कुचल दिया। इससे महिला की मौत हो गई। इस घटनाक्रम में एक व्यक्ति को उदयपुर और दूसरे को चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है।

निकुंभ थानाधिकारी रामसिंह ने बताया कि गुरुवार रात को सादलखेड़ा गांव में दो परिवारों के बीच विवाद हो गया, जिसकी सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली है। उन्होंने बताया कि सादलखेड़ा में दो सगे भाई शहादत खान और वहाब खान के आपस में लेन-देन को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़ा और विवाद मारपीट में तब्दील हो गया, जिसमें शहादत खान के पुत्र शब्बीर के गंभीर चोटें आई। इसके बाद शब्बीर की पत्नी जाहिरा उर्फ हीरा जान अपने पुत्र शाहरूख के साथ बाइक पर थाने में रिपोर्ट देने जा रही थी। इसी दौरान वहाब खान के परिवार ने कार से उनका पीछा किया और बिलड़ी गांव के पास कार से टक्कर मार दी। इसमें जाहिरा और उसका पुत्र नीचे गिरे गए। वहीं उन्होंने महिला को कुचल दियाज़ जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला की हत्या के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। इधर पुलिस ने घायलों को निकुंभ चिकित्सालय पहुंचाया। जाहिरा के पति शब्बीर खान की स्थिति नाजुक देखते हुए उसे उदयपुर रेफर किया गया। वहीं झगड़े में शामिल दूसरे पक्ष के अजीज पुत्र वहाब खान को निकुंभ चिकित्सालय से चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है। इस मामले में शाहरूख की रिपोर्ट पर आरिफ पुत्र युसुफ खान, मोहम्मद शेर पुत्र पप्पु खां, बादशाह उर्फ भीमा पुत्र पप्पु खां, अजीज खां पुत्र वहाब खां, वकील खां पुत्र वहाब खां, बरकत खां पुत्र वकील खां के विरूद्ध गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक देशराज कुलदीप सहित अन्य अधिकारियों ने मौका मुआयना किया गया वहीं पुलिस जाप्ता तैनात किया है। मृतका 50 वर्षीय जाहिरा के शव का पोस्टमार्टम कर मोर्चरी में रखवाया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल