home page

शहडोल :महिला की गला काटकर हत्या, पति पर हत्या का शक, घटना के बाद से फरार

 | 
शहडोल :महिला की गला काटकर हत्या, पति पर हत्या का शक, घटना के बाद से फरार


शहडोल, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के लेदरा गांव में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह महिला का शव उसके घर में खून से लथपथ मिला, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद से महिला का पति फरार है, जिस पर पुलिस को हत्या का संदेह है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान माया यादव (30 वर्ष) पत्नी कमाता यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। घटनास्थल से खून से सनी एक कुल्हाड़ी भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर जांच के लिए भेजा है।

बताया गया है कि घटना के समय घर में महिला, उसका पति और उसकी बुजुर्ग सास मौजूद थे। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने घर के भीतर महिला का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोहपारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की।

पुलिस पूछताछ में मृतका की सास ने बताया कि उनका बेटा मजदूरी करता है। शुक्रवार रात वह काम से लौटकर देर रात करीब 12 बजे घर पहुंचा। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया, जहां उसकी पत्नी भी थी। सास के अनुसार, रात में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा। आशंका है कि इसी विवाद के दौरान महिला पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

घटना के बाद से पति घर से फरार है, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार पति की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला