मामूली विवाद में महिला की हत्या, देवर और भतीजा गिरफ्तार
बांदा, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना जसपुरा क्षेत्र में मामूली विवाद के दौरान महिला की धारदार हथियार से हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने सोमवार को मृतका के देवर और भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा बरामद होने की भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना जसपुरा क्षेत्र के ग्राम बरेहटा निवासी राजबहादुर ने 4 सितंबर 2026 को सूचना दी थी कि उसके सगे भाई और भतीजे ने मामूली विवाद को लेकर उसकी पत्नी गीता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गीता गंभीर रूप से घायल हो गई थी और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में राजबहादुर और उसका पुत्र अनिल भी घायल हुए थे।
सूचना मिलते ही थाना जसपुरा पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी क्रम में सोमवार को थाना जसपुरा पुलिस ने हत्या की घटना को अंजाम देने के आरोपी मृतका के देवर और भतीजे को गौरीकलां मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामबहादुर पुत्र मइयादीन और राजू उर्फ राजेंद्र पुत्र शिवलोचन, निवासी ग्राम बरेहटा, थाना जसपुरा, जनपद बांदा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हंसिया बरामद किया है। वहीं, आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा मिलने पर भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने बताया कि मामूली विवाद में महिला की धारदार हथियार से हत्या करने वाले मृतका के देवर और भतीजे को थाना जसपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

