home page

शिमला में स्कूल गेट के बाहर महिला की गोली मारकर हत्या

 | 
शिमला में स्कूल गेट के बाहर महिला की गोली मारकर हत्या


शिमला, 13 जून (हि.स.)। राजधानी शिमला में एक महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात

शनिवार शाम संजौली क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक निजी स्कूल के गेट के पास हुई, जहां दो नकाबपोश हमलावरों ने महिला पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने व्यापक जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान मुनिशा मित्तल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन पर स्कूल परिसर के प्रवेश द्वार के निकट हमला किया गया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उन पर तीन गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही संजौली थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले दो लोगों ने अपने चेहरे मास्क से ढके हुए थे। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों तेजी से मौके से निकल गए। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी पहले से महिला की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे या वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई।

मामले को और गंभीर इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि मृतका के परिवार का एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल से संबंध है। जानकारी के अनुसार स्कूल की स्थापना उनके पिता ने की थी, जिनका अब निधन हो चुका है। पिता के निधन के बाद स्कूल के स्वामित्व और प्रबंधन को लेकर परिवार के भीतर विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस विवाद और हत्या के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले अप्रैल माह में शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के कुलगांव में एक धार्मिक समारोह के दौरान भी गोली चलने की घटना सामने आई थी। उस घटना में 26 वर्षीय युवती की गोली लगने से मौत हो गई थी। अब राजधानी शिमला में महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना ने एक बार फिर प्रदेश में हथियारों के इस्तेमाल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा