पैतृक जमीन में गोबर डालने के विवाद में महिला की हत्या, पति पुत्र घायल
देवर-जेठ समेत परिजनों पर हत्या का आरोप
बांदा, 04 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में जसपुरा थाना क्षेत्र के बरेहटा गांव स्थित फकीरा डेरा में शुक्रवार को पैतृक जमीन में गोबर डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि देवर, जेठ और उनके परिजनों ने एक महिला और उसके परिवार पर कुल्हाड़ी व हंसिया से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका पति और पुत्र घायल हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपित को हिरासत में ले लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फकीरा डेरा निवासी राजबहादुर निषाद (50) के अनुसार, विवाद की शुरुआत शुक्रवार सुबह हुई। उनका 11 वर्षीय पुत्र दिव्यांश घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित पैतृक जमीन पर गोबर डालने गया था। आरोप है कि वहां राजबहादुर के छोटे भाई रामबहादुर ने उसे गोबर डालने से रोक दिया और गाली-गलौज की। इसके बाद दिव्यांश घर लौट आया।
राजबहादुर अपनी पत्नी गीता (45) और बड़े पुत्र अनिल कुमार (28) के साथ खेत पर काम करने चले गए थे। दोपहर करीब एक बजे दिव्यांश और उसकी बहन खुशबू (14) खेत की ओर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में रामबहादुर ने दोनों बच्चों को रोक लिया और नशे की हालत में उनके साथ मारपीट की। खुशबू ने फोन कर अपने पिता को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर राजबहादुर पत्नी गीता और पुत्र अनिल के साथ खेत से लौटकर रामबहादुर के घर उलाहना देने पहुंचे। आरोप है कि वहां रामबहादुर, उसकी पत्नी राधा, बड़े भाई शिवलोचन, उसकी पत्नी सखिया और पुत्र राजू ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में राजबहादुर, उनकी पत्नी गीता और पुत्र अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को जसपुरा सीएचसी ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में देर शाम चिकित्सकों ने गीता को मृत घोषित कर दिया।
राजबहादुर निषाद की तहरीर पर जसपुरा थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी रामबहादुर को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
जसपुरा थाना इंस्पेक्टर ऋषिदेव सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

