home page

घर के सामने विवाहिता से छेड़छाड़ का आरोप, दो युवक गिरफ्तार

 | 

भातार, 11 नवंबर (हि. स.)। पूर्व बर्दवान जिले के भातार में एक विवाहिता के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने शराब के नशे में विवाहिता के घर में घुसकर उसके साथ अश्लील व्यवहार किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान आशिक तुड़ी और सुरेश तुड़ी के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 24 से 25 वर्ष के बीच बताई गई है।

बताया गया है कि सोमवार को भातार थाना क्षेत्र के एक गांव में मंदिर के सामने से आठ वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। इस मामले में स्थानीय युवक राणा मंडल को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसे तीन दिनों की पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद अब विवाहिता से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है।

मिली जानकारी के अनुसार, विवाहिता के घर के पास ही एक मकान में काली पूजा का आयोजन किया गया था। इसमें गुसकरा शहर के निवासी आशिक तुड़ी और सुरेश तुड़ी भी शामिल हुए थे। सुरेश का घर आउसग्राम के नवादा इलाके में है, लेकिन काम के सिलसिले में वह गुसकरा में रहता है।

आरोप है कि मंगलवार शाम दोनों युवक शराब के नशे में गृहवधू के घर में घुस गए। उस समय महिला का पति घर पर नहीं था। दोनों ने महिला के साथ अश्लील व्यवहार करना शुरू कर दिया। किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर महिला घर के बाहर पहुंची और शोर मचाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर आ गए और दोनों युवकों को पकड़ लिया।

इसके बाद विवाहिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता