home page

तीन साल की बेटी के साथ महिला लापता, तलाश में जुटी पुलिस

 | 
तीन साल की बेटी के साथ महिला लापता, तलाश में जुटी पुलिस


शिमला, 19 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले के कुमारसैन थाना क्षेत्र के नारकंडा में एक महिला अपनी तीन साल की बेटी के साथ लापता हो गई है। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार शिकायत महिला की बड़ी बहन ने दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को वह अपनी बहन, तीन साल की भांजी और एक अन्य परिजन के साथ ठियोग जा रही थीं। रास्ते में नारकंडा पहुंचने पर उनकी बहन अपनी बेटी के साथ बस से उतर गई। उसने कुछ काम निपटाकर दूसरी बस से ठियोग पहुंचने की बात कही थी।

शिकायतकर्ता के अनुसार बाद में फोन पर बहन से बात हुई तो उसने बताया कि वह जल्द ठियोग पहुंच रही है। इसके कुछ समय बाद उससे संपर्क नहीं हो सका। परिवार ने अपने स्तर पर नारकंडा बाजार और आसपास के इलाके में तलाश की, लेकिन महिला और बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया।

इसके बाद परिवार ने कुमारसैन थाना में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला और उसकी तीन साल की बेटी का पता लगाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा