home page

शहडोल: खेत में बने घर में अकेली रह रही महिला की हत्या, खून से लथपथ मिला शव

 | 
शहडोल: खेत में बने घर में अकेली रह रही महिला की हत्या, खून से लथपथ मिला शव


शहडोल, 19 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के सीधी थाना क्षेत्र के दरैन बाहा टोला में शुक्रवार-शनिवार की रात 55 वर्षीय विधवा की हत्या कर दी गई। वह खेत के बीच बने अपने मकान में अकेली रहती थीं। हमलावरों ने उनके सिर पर किसी भारी चीज से वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई। सुबह पड़ोसी उनके घर पहुंचे तो महिला खून से लथपथ मृत मिलीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मृतका की पहचान प्रेम बाई अहिरवार पत्नी स्वर्गीय राम नारायण अहिरवार के तौर पर हुई है। पति की मौत के बाद प्रेम बाई खेत में बने मकान में अकेली रहती थीं। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा उमरिया के पाली में डाक विभाग में काम करता है, जबकि छोटा बेटा देवशरण अहिरवार गांव के पुराने घर में अलग रहता है।

यह वारदात रात में हुई। सुबह जब पड़ोसी महिला के घर पहुंचे, तो उन्हें प्रेम बाई मृत मिलीं। इसके बाद डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही सीधी थाना प्रभारी शिवेंद्र भगत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस के अनुसार, महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उन पर किसी भारी चीज से हमला किया गया था। हत्या में इस्तेमाल की गई चीज अभी तक नहीं मिली है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आसपास के इलाके की जांच शुरू कर दी है।

घटना की सूचना पर एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए। पुलिस आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि रात में महिला के घर के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया था या नहीं।

पुलिस के सामने फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं है। महिला की किसी से दुश्मनी, विवाद या अन्य कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि घटना के समय आसपास कौन लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला