दरौंदा स्टेशन पर 26 लीटर देशी शराब के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
सीवान, 07 जून (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल की प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वाड, आरपीएफ चौकी दरौंदा तथा उत्पाद विभाग सीवान की संयुक्त कार्रवाई में रविवार को दरौंदा रेलवे स्टेशन से एक महिला शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 26 लीटर देशी शराब बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक सीवान सुभाष चंद्र यादव के पर्यवेक्षण में सीपीडीएस टीम, आरपीएफ चौकी दरौंदा और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान रविवार दोपहर में प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर पहुंची गाड़ी संख्या 14006 आनंद विहार–सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस के एस-3 कोच के गेट के समीप एक महिला संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी।
महिला सिपाही द्वारा उसके पिट्ठू बैग एवं झोले की तलाशी लेने पर 200-200 एमएल की 130 बोतल बंटी-बबली लाइम देशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 26 लीटर तथा अनुमानित कीमत 7,150 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार महिला की पहचान चौहान किरण (36 वर्ष), पति- हरेंद्र चौहान, निवासी खुरमाबाद, थाना मुफस्सिल, जिला सीवान के रूप में हुई है। बरामद शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग सीवान को सौंप दिया गया।
इस संबंध में उत्पाद विभाग द्वारा कांड संख्या 469/26 दर्ज करते हुए बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद (संशोधित) अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। कार्रवाई में सीपीडीएस टीम के सउनि शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, कांस्टेबल बलवीर सिंह यादव, आरपीएफ चौकी दरौंदा के हेड कांस्टेबल संजय कुमार तिवारी तथा उत्पाद विभाग के सउनि सत्येंद्र कुमार राय, महिला कांस्टेबल संजीता कुमारी और कांस्टेबल कुंदन राय शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

