home page

रायपुर में 12 किलो गांजा के साथ मुंबई की महिला तस्कर गिरफ्तार

 | 

- 6 लाख रुपये का गांजा जब्त

रायपुर, 24 नवंबर (हि. स.)। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 किलोग्राम गांजा के साथ महाराष्ट्र की एक महिला को गिरफ्तार किया है।

जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार महिला की पहचान सोनाली मोटे (42 वर्ष), निवासी मुंबई, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के सरोना स्थित रेलवे प्लेटफॉर्म के पास एक महिला गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।

पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर महिला की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सोनाली मोटे और मुंबई, महाराष्ट्र की निवासी होना बताया। इसके बाद उसके पास रखे अलग-अलग बैगों की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 12 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने गांजा जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 730/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया गया है।

तस्करी के नेटवर्क की भी होगी जांच

पुलिस के अनुसार, मामले में गांजे की आपूर्ति करने वाले और आगे इसकी सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर